टीम इंडिया के अंधविश्वास: फाइनल से पहले होटल बदला, चंद्र ग्रहण से बचने के लिए टाली प्रैक्टिस

न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले से पहले ‘अहमदाबाद के श्राप’ को तोड़ने की कोशिश, ड्रेसिंग रूम बदलने की भी चर्चा

अहमदाबाद: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला इस रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है। इस बड़े मैच से पहले भारतीय टीम हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रख रही है। कहा जा रहा है कि टीम ने अपनी जीत के लिए कुछ ऐसे फैसले लिए हैं जो अंधविश्वास से जुड़े हैं, ताकि किस्मत का साथ मिल सके।

2023 वर्ल्ड कप की याद, होटल किया बदलाव

खबरों के मुताबिक, भारतीय टीम ने अहमदाबाद में अपना होटल बदल लिया है। इसके पीछे वजह बताई जा रही है 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार। उस वक्त टीम इंडिया इसी होटल में रुकी थी और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मुकाबला हार गई थी। इसके अलावा इसी साल इसी मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के मैच में भी टीम को करारी हार मिली थी, जब वह इसी होटल में ठहरी हुई थी। माना जा रहा है कि इन हार के ‘बुरे प्रभाव’ से बचने के लिए टीम प्रबंधन ने होटल बदलने का फैसला किया ।

चंद्र ग्रहण के कारण 45 मिनट देरी से प्रैक्टिस

इससे पहले मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से पहले भी टीम ने एक दिलचस्प कदम उठाया था। उस दिन चंद्र ग्रहण था और मान्यता है कि इस दौरान कुछ भी शुभ काम नहीं करना चाहिए। टीम इंडिया ने भी इसे ध्यान में रखते हुए अपना अभ्यास सत्र 45 मिनट के लिए टाल दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रैक्टिस शाम 6 बजे की बजाय करीब 7 बजे शुरू हुई, ताकि ग्रहण का समय खत्म हो जाए। इस फैसले के बाद टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया, जिससे टीम का यह विश्वास और मजबूत हुआ ।

ड्रेसिंग रूम बदलने की भी चर्चा

अब फाइनल से पहले सिर्फ होटल ही नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम बदलने की भी बात कही जा रही है। खबर है कि टीम इंडिया अपने होम ड्रेसिंग रूम की जगह विजिटिंग टीम वाले ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि पिछली हार की ‘नेगेटिव एनर्जी’ से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है । हालांकि कुछ रिपोर्ट्स का कहना है कि यह सिर्फ आईसीसी के प्रोटोकॉल की वजह से हुआ है, क्योंकि न्यूजीलैंड पहले फाइनल में पहुंच गया था, इसलिए उसे वही होटल मिला जहां पहले टीम इंडिया ठहरती थी ।

पिच को लेकर भी माथापच्ची

कहा जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट पिच को लेकर भी सतर्क है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लाल और काली मिट्टी की पिचें हैं। दो हफ्ते पहले साउथ अफ्रीका से भारत को हार काली मिट्टी वाली पिच पर ही मिली थी। वहीं मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच पर भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि टीम इंडिया फाइनल के लिए लाल मिट्टी वाली पिच की मांग कर सकती है ।

टीम के साथ हैं दुआएं भी

बता दें कि टीम के सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य हर मैच से पहले मंदिरों में जाकर आशीर्वाद ले रहे हैं। बीसीसीआई भी टीम की हर मुमकिन मदद कर रहा है ताकि टीम इंडिया तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर सके । अब देखना यह है कि रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 1 लाख दर्शकों के सामने टीम इंडिया की ये कोशिशें रंग लाती हैं या नहीं।